एसबीआई बैंक में फिल्मी स्टाइल में 4.53 लाख की लूट, आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर भागा चोर

महाराष्ट्र के नागपुर शहर के सक्करदरा इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और फिल्मी अंदाज में बैंक लूट की घटना सामने आई है। यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में एक शातिर बदमाश ने कैश काउंटर पर तैनात बैंक कर्मचारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंककर 4.53 लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गया। हालांकि, नागपुर पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी के चलते आरोपी अपनी इस साजिश में ज्यादा देर तक कामयाब नहीं हो सका और महज 30 मिनट के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक में रोज की तरह कामकाज चल रहा था और कर्मचारी अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक सामान्य ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ। वह सीधे कैश काउंटर के पास पहुंचा और जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उसने अचानक अपनी जेब से मिर्ची पाउडर निकालकर बैंक कर्मचारी की आंखों में झोंक दिया। अचानक हुई इस हरकत से बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। आंखों में जलन और कुछ न दिखाई देने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने काउंटर पर रखी 4.53 लाख रुपये की नकदी उठाई और तेजी से वहां से फरार हो गया।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे सक्करदरा इलाके और आसपास के रास्तों पर तुरंत नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस ने बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान और उसके भागने की दिशा का पता चल गया।

पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और घटना के महज आधे घंटे के भीतर ही आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।

Related Articles

Back to top button