
नई दिल्ली। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों ’80 के दशक की रेट्रो तस्वीरों का ट्रेंड जमकर वायरल हो रहा है। इसे ‘ChatGPT 80s photo trend’ के नाम से जाना जा रहा है, जिसमें यूजर्स अपनी आम तस्वीरों को 1980 के दशक के फैशन और फोटोग्राफी स्टाइल में बदल रहे हैं। यह ट्रेंड अब साधारण रेट्रो पोर्ट्रेट से आगे बढ़कर क्षेत्रीय और सांस्कृतिक रूप ले चुका है, जिसमें ’80s Kerala Retro’ लुक सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
क्या है केरलम रेट्रो ट्रेंड?
इस ट्रेंड में यूजर्स कसवु साड़ी, मुंडू, पारंपरिक सोने के गहने, क्लासिक केरली घर, सॉफ्ट फोकस और एनालॉग फिल्म इफेक्ट का इस्तेमाल करते हुए अपनी तस्वीरों को 1980 के दशक की फैमिली, वेडिंग और कॉलेज पोर्ट्रेट में बदल रहे हैं। इसमें घने हेयरस्टाइल, वॉर्म स्टूडियो लाइटिंग और फिल्म ग्रेन का खास ख्याल रखा जाता है, जिससे तस्वीर बिल्कुल उस जमाने की लगने लगती है।
5 प्रॉम्प्ट, जिनसे बनाएं 80 के दशक की तस्वीरें
1. 1980 के दशक का केरलम पारिवारिक चित्र: इस प्रॉम्प्ट में लिखें कि इस तस्वीर को 1980 के दशक के मध्य के केरल के एक असली मलयाली परिवार की तस्वीर में बदला जाए। सभी के चेहरे की प्राकृतिक बनावट और भाव बनाए रखें। महिलाओं को कसवु साड़ी और पुरुषों को कमीज-मुंडू पहनाएं। उस दौर के हेयरस्टाइल, साधारण आभूषण और लकड़ी के फर्नीचर वाले पारंपरिक घर का बैकड्रॉप दें।
2. 1980 के दशक का विवाह पोर्ट्रेट: इस फोटो को ’80 के दशक की असली केरली शादी की तस्वीर के रूप में बनाएं। दुल्हन को कसवु साड़ी और पारंपरिक सोने के आभूषण तथा दूल्हे को मुंडू में सजाएं। चेहरे की पहचान बनाए रखते हुए वॉर्म स्टूडियो लाइटिंग, सॉफ्ट फोकस, हल्के फिल्म ग्रेन और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें।
3. विंटेज मलयाली महिला पोर्ट्रेट: इस तस्वीर को ’80 के दशक के स्टूडियो में ली गई मलयाली महिला के पोर्ट्रेट में बदलें। चेहरे के मूल भाव बरकरार रखते हुए केरल साड़ी, पारंपरिक सोने की बालियां, चूड़ियां, माथे पर बिंदी और उस दौर का लोकप्रिय घना हेयरस्टाइल जोड़ें।
4. 1980 के दशक का कॉलेज स्टूडेंट लुक: इसे 1980 के दशक के केरल के कॉलेज जीवन से प्रेरित चित्र में बदलें। चेहरे की बनावट वैसी ही रखते हुए साधारण मलयाली परिधान और रेट्रो हेयरस्टाइल जोड़ें। उस दौर के भारतीय कपड़ों और केशविन्यास के साथ एक सरल मलयाली लुक शामिल करें।
5. मलयालम सिनेमा प्रेरित पोर्ट्रेट: तस्वीर को ’80 के दशक की क्लासिक मलयालम फिल्मों के स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसा बनाएं। चेहरे की पहचान स्पष्ट रखते हुए नाटकीय स्टूडियो लाइटिंग, सॉफ्ट फोकस, विंटेज मेकअप, वॉर्डरोब और एनालॉग फिल्म ग्रेन इफेक्ट जोड़ें।
ChatGPT से ऐसे बनाएं रेट्रो फोटो
सबसे पहले ChatGPT खोलें और नई चैट शुरू करें। इसके बाद अपनी एक अच्छी फोटो अपलोड करने के लिए (+) बटन पर टैप करें। अब 1980 के दशक का जो स्टाइल आप चाहते हैं, उसे विस्तार से बताएं—जिसमें कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड और लाइटिंग शामिल हों। ChatGPT से कहें कि वह चेहरे की पहचान और प्राकृतिक स्किन टोन को बनाए रखे। अगर पहला ड्राफ्ट पसंद न आए, तो प्रॉम्प्ट में थोड़ा बदलाव करके दोबारा कोशिश करें।









