युवराज,गेल और डिविलियर्स जैसे धुरंधर फिर दिखाएंगे जलवा,भारत-पाकिस्तान समेत कई टीमें होंगी आमने सामने

खेल डेस्क : क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। ‘वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स’ (WCL) का तीसरा सीजन आगामी 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट के इस हाई-प्रोफाइल सीजन में युवराज सिंह, शाहिद अफरीदी, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और डेविड वार्नर जैसे दुनिया के तमाम दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे और पुराने अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक महीने तक कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आयोजकों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डब्ल्यूसीएल सीजन 3 का फाइनल शेड्यूल सामने आ चुका है और यह टूर्नामेंट 3 से 18 अक्टूबर 2026 तक दुबई और शारजाह के मैदानों पर खेला जाएगा।

यह पहला मौका होगा जब डब्ल्यूसीएल का कोई सीजन यूनाइटेड किंगडम (UK) के बाहर आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि इससे पहले के दोनों संस्करण वहीं खेले गए थे। इस लीग में भारत चैंपियंस, पाकिस्तान चैंपियंस, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, इंग्लैंड चैंपियंस, दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस, वेस्ट इंडीज चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस जैसी प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका प्रतिनिधित्व पूर्व अंतरराष्ट्रीय सितारे करेंगे। इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला होगा, जो एक बार फिर मैदान पर पुरानी और ऐतिहासिक प्रतिद्वंदिता को तरोताजा कर देगा।

डब्ल्यूसीएल के संस्थापक और सीईओ हर्षित तोमर ने इस रोमांचक सफर पर बात करते हुए कहा कि सीजन 3 खेल की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं और दिग्गजों को एक मंच पर वापस लाने के लिए तैयार है। हमारे पास एक बेहतरीन लाइन-अप और मुकाबलों का शानदार शेड्यूल है। टूर्नामेंट को यूएई में ले जाना इसे और भी खास बनाता है। वहीं, लीग के सह-मालिक और जाने-माने अभिनेता अजय देवगन ने कहा कि डब्ल्यूसीएल सिर्फ एक क्रिकेट लीग नहीं है, बल्कि यह जज्बात, पुरानी यादों और मनोरंजन का एक बेहतरीन संगम है।

गौरतलब है कि डब्ल्यूसीएल के दूसरे सीजन को दुनियाभर में 425 मिलियन दर्शकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला था, जिसके बाद अब यूएई में इसके आयोजन को लेकर फैंस के बीच गजब का उत्साह देखा जा रहा है। फिक्स्चर तय होने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर से अपने पसंदीदा पूर्व अंतरराष्ट्रीय सितारों को उसी आक्रामक अंदाज में खेलते देखने का शानदार अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button