
डेस्क : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज में खराब खाने को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन बड़ा विवाद बन गया। हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर नाराज छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं और प्रॉक्टोरियल टीम के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।
बता दे कि प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें खराब गुणवत्ता का खाना परोसा जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि खाने में अक्सर गंदगी और कीड़े मिलने की शिकायत सामने आती रही है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
वही छात्राओं ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं, तभी प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची। छात्राओं का आरोप है कि टीम के एक कर्मचारी ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें छूने की कोशिश की। इसके बाद मामला बढ़ गया और छात्राओं व प्रॉक्टोरियल टीम के बीच विवाद हो गया। छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन से खाने की गुणवत्ता सुधारने और मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रदर्शन के बाद परिसर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए गए।
फिलहाल मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। छात्राएं अपनी समस्याओं के समाधान और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई हैं।









