
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से प्रशासनिक संवेदनशीलता और ‘भारत समाचार’ की खबर का एक बड़ा असर देखने को मिला है। खबर को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और महज कक्षा 1 में पढ़ने वाली मासूम छात्रा समरा नाज की मांग पर नगर पालिका परिषद ने उसके घर जाने वाले खराब रास्ते का निर्माण पूरा करवा दिया है।
बता दें, मामला मऊ के वार्ड नंबर 17 हकीकतपुरा इलाके का है। मासूम समरा नाज ने एक वीडियो जारी कर और पत्रक सौंपकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी। छात्रा ने मासूमियत से कहा था, “DM अंकल, मेरे घर की सड़क बहुत खराब है, स्कूल जाते समय मेरी ड्रेस गंदी हो जाती है।” भारत समाचार ने इस खबर और बच्ची के दर्द को प्रमुखता से प्रसारित किया, जिसके बाद जिलाधिकारी हर्ष वर्धन ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और नगर पालिका को प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कराने के कड़े आदेश दिए।
सड़क बनने के बाद खुद जिलाधिकारी हर्ष वर्धन समरा नाज के घर हकीकतपुरा पहुंचे। उन्होंने छोटी बच्ची की हौसला अफजाई करते हुए उसे एक नई साइकिल और टॉफियों का गिफ्ट दिया। जिलाधिकारी के इस आत्मीय कदम और सड़क बन जाने से मासूम बच्ची के परिवार और पूरे मोहल्लेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। निवासियों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए भारत समाचार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।









