UP में 15 हजार शिक्षक भर्ती का ऐलान, आज से आवेदन शुरू; 897 सहायक अध्यापक, 11,508 शहरी और 2,607 PGT पदों के लिए जानिए पूरी डिटेल

प्रयागराज। शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कुल 15,012 शिक्षक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों) के 897 रिक्त पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की गई है और ओटीआर प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आवेदन किया जा सकेगा।

अहम तारीखें

विज्ञापन संख्या-05/2026 के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी के पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 16 सितंबर से शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर तय की गई है। इन पदों की परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को होगी।

PGT के लिए अलग विज्ञापन

अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग यानी PGT के 2,607 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन संख्या-06/2026 जारी किया गया है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होगी। शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर है। PGT पदों की परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को कराई जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह

आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से कहा है कि आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण और निर्देश ध्यान से पढ़ लें और पात्रता की शर्तें भी जान लें। पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in देखी जा सकती है।

Related Articles

Back to top button