चंदौली में 1.25 करोड़ का गांजा बरामद, कंटेनर के गुप्त बॉक्स से पकड़ी गई बड़ी खेप!

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलीनगर थाना पुलिस और ANTF गाजीपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास से एक संदिग्ध कंटेनर को पकड़ा। जब कंटेनर की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

तस्करों ने गांजे की खेप को छिपाने के लिए कंटेनर के केबिन में ही एक बेहद शातिराना गुप्त बॉक्स (तहखाना) बना रखा था। इस गुप्त बॉक्स के अंदर से पुलिस ने 120 बंडलों में पैक किया गया कुल 2 कुंतल 51 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान बजरंग कुमार सिंह, निवासी बोकारो (झारखंड) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह गांजा उसे झारखंड के मंटू सिंह नाम के व्यक्ति ने रामनगर क्षेत्र में डिलीवरी देने के लिए सौंपा था। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, पहचान पत्र, एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

अलीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर और उसके साथियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button