CEC ज्ञानेश कुमार का UP दौरा स्थगित, मेरठ-वाराणसी का कार्यक्रम टला

डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उत्तर प्रदेश दौरा स्थगित कर दिया गया है। ज्ञानेश कुमार को 25 सितंबर को मेरठ और 28 सितंबर को वाराणसी का दौरा करना था। मेरठ में उनके युवाओं के साथ संवाद के अलावा निर्वाचक साक्षरता क्लब (ELC 2.0) और ECI-Net से जुड़े क्षेत्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। वहीं, वाराणसी में 28 सितंबर को जेन-जी युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम होना था। इन दोनों कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

मेरठ कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद की योजना थी। इस दौरान युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान और मतदाता सेवाओं से जुड़ी जानकारी देने तथा उनके सवालों का जवाब देने का कार्यक्रम था। वाराणसी में भी युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया और डिजिटल माध्यमों से जुड़ी जानकारी देने की योजना थी।

मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे के स्थगित होने की आधिकारिक जानकारी सामने आई है, लेकिन कार्यक्रम टालने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, यूपी का यह दौरा 21 सितंबर को ही स्थगित किया जा चुका था और बाद में इसकी जानकारी सार्वजनिक हुई।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब चुनाव आयोग में आंतरिक मतभेद और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि बहुसदस्यीय आयोग में अलग-अलग विचार होना सामान्य है और अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं ।

Related Articles

Back to top button