
हमीरपुर : ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर निजी स्लीपर बस में लगी भीषण आग ने हमीरपुर के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में हमीरपुर के इंजीनियर मयंक गुप्ता समेत तीन यात्रियों की जलकर मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में राठ के इंजीनियर मयंक गुप्ता, जलालपुर क्षेत्र की सरोज गुप्ता और मुस्करा की ऊषा देवी शामिल हैं। हादसे में कुल नौ यात्रियों की मौत हुई थी।
बताया गया कि सरोज गुप्ता अपने नातिन के जन्मदिन में शामिल होने के लिए नोएडा गई थीं। वहीं, ऊषा देवी नोएडा में अपने बच्चों से मिलकर वापस लौट रही थीं। मयंक गुप्ता भी इसी बस से यात्रा कर रहे थे। हादसे के बाद हमीरपुर के इन परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों को जब हादसे की जानकारी मिली तो उनकी चिंताएं बढ़ गईं। यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास हुआ, जहां दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रेवल्स की बस में आग लग गई थी। हादसे में कई यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि नौ यात्री बस के अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई।
वही पूरे मामले में हमीरपुर के यात्री सुनील कुमार ने जेवर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यात्रियों ने बस में जलने की बदबू आने की जानकारी चालक और परिचालक को दी थी, लेकिन बस नहीं रोकी गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।









