
चंडीगढ़। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान दिखाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 सितंबर को चंडीगढ़ में अपने आवास पर ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ के लिए गठित 7 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की अहम बैठक बुलाई है।
क्या होगा एजेंडा?
पंजाब सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह बैठक 27 सितंबर को दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जिसमें कोऑर्डिनेशन कमेटी के सभी सदस्य शामिल होंगे। बैठक का मुख्य मकसद श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता और गरिमा के ऊंचे मापदंडों को बरकरार रखना है। इस दौरान कमेटी एक्ट के प्रावधानों और उसे जमीन पर लागू करने से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श करेगी।
कौन-कौन हैं कमेटी में शामिल?
इस 7 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा, संत बाबा सेवा सिंह, पूर्व जज जसविंदर सिंह, पूर्व जज गुरबीर सिंह, पूर्व आईपीएस अधिकारी जतिंदर सिंह औलख और एडवोकेट एस. प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह बैठक काफी अहम साबित होगी।









