
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सरकारी नौकरी देने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि अगले छह माह में उत्तर प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। हाल ही में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार लगातार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान एक बीमारू राज्य के तौर पर थी। युवाओं के सामने रोजगार और पहचान का संकट था। नौकरी का विज्ञापन आते ही युवाओं में निराशा पैदा होती थी और बिना पहुंच या सिफारिश के नौकरी मिलना मुश्किल माना जाता था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौर में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं के कारण युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता पर जोर दिया। उनके अनुसार, अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है और अगले छह माह में एक लाख और नियुक्तियां देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस और होमगार्ड समेत कई विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफियाराज और भ्रष्टाचार की स्थिति थी, जबकि अब उत्तर प्रदेश विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।








