
लखनऊ : UPSSSC भर्तियों में वेटिंग लिस्ट लागू करने की मांग को लेकर प्रदेशभर से अभ्यर्थी लखनऊ के ईको गार्डन पहुंचे। यहां छात्रों ने प्रदर्शन कर वर्तमान और भविष्य की सभी भर्तियों में प्रतीक्षा सूची लागू करने की मांग उठाई। इससे पहले भी UPSSSC से जुड़ी विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर अभ्यर्थी लखनऊ में प्रदर्शन कर चुके हैं।
छात्रों ने CM योगी को लिखा पत्र
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वेटिंग लिस्ट लागू करने की मांग को लेकर लाखों छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। छात्रों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया पूरी होने में समय लगने के दौरान कई अभ्यर्थी दूसरी नौकरियों में चले जाते हैं, जिससे चयन प्रक्रिया के बाद भी कई पद खाली रह जाते हैं।
0.25 से 0.50 नंबर से पिछड़ने वाले अभ्यर्थियों को नुकसान
अभ्यर्थियों का कहना है कि वेटिंग लिस्ट नहीं होने के कारण ऐसे योग्य उम्मीदवारों को नुकसान होता है, जो बेहद कम अंतर से चयन सूची से बाहर रह जाते हैं। छात्रों के मुताबिक, DOB या 0.25 से 0.50 नंबर के अंतर से पिछड़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रतीक्षा सूची का प्रावधान राहत दे सकता है।
‘वेटिंग लिस्ट अनिवार्य की जाए’
प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में होने वाली सभी UPSSSC भर्तियों में वेटिंग लिस्ट अनिवार्य की जाए। अभ्यर्थियों का दावा है कि इससे करीब 35 लाख युवाओं को लाभ मिल सकता है।
डिप्टी CM और अखिलेश यादव से भी मिल चुके हैं अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों के मुताबिक, अपनी समस्याओं को लेकर वे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर चुके हैं। अब ईको गार्डन में प्रदर्शन के जरिए छात्रों ने वेटिंग लिस्ट लागू करने की मांग सरकार के सामने रखी है।








