
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नाबालिग भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में NH-730 पर हुआ, जहां डंपर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बता दे कि मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में कार सवार नाबालिग भाई और बहन भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया।
वही बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार उत्तराखंड के शक्ति फार्म का रहने वाला था। परिवार के सभी लोग बेटी की खुशी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान NH-730 पर उनकी कार की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, घायल नाबालिग भाई-बहन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








