
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वजीरगंज इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ जर्जर हो चुकी एक 5 मंजिला इमारत ‘SA अपार्टमेंट’ को प्रशासन ने पूरी तरह खाली करवा लिया है। स्थानीय लोगों द्वारा बिल्डिंग के जर्जर होने और पिलर्स में क्रैक आने की शिकायत मिलने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम हरकत में आई। मुख्यमंत्री के जर्जर भवनों को तुरंत खाली कराने के सख्त आदेशों के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस दौरान मौके पर SDRF, LDA की टीम और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह SA अपार्टमेंट करीब 15 साल पहले बिल्डर वकील अहमद और उसके पार्टनर द्वारा बनवाया गया था। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि मेंटेनेंस न होने के कारण इस पांच मंजिला इमारत के पिलर और दीवारों में खतरनाक दरारें आ गई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आनन-फानन में लोगों से फ्लैट खाली कराए, जिसके चलते कई फ्लैटों में लोगों का घरेलू सामान और कपड़े तक बिखरे रह गए।
LDA के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। अब इसकी गहन जांच की जाएगी कि यह बिल्डिंग वैध है या अवैध और इसका नक्शा पास था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से इलाके में अवैध और जर्जर निर्माण कार्यों को लेकर हड़कंप मच गया है।









