
अजीत अगरकर का बतौर चीफ सेलेक्टर कार्यकाल आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। मंगलवार को BCCI ने चयन समिति में एक पोजीशन के लिए नई वैकेंसी निकाली है। मौजूदा चयन समिति में प्रज्ञान ओझा, आरपी सिंह, शिव सुंदर दास और अजय रात्रा हैं। अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद फिलहाल प्रज्ञान ओझा अंतरिम चीफ सेलेक्टर की पोजीशन पर बने हुए हैं।
चयन समिति के सदस्य के लिए आवेदन आमंत्रित
BCCI ने चयन समिति के सदस्य के लिए आवेदन स्वीकार करने की घोषणा की है। चयन समिति का यह सदस्य टेस्ट, वनडे और टी20 में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था। रिपोर्ट्स के अनुसार 4 अक्टूबर 2026 को उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अगरकर पिछले महीनों रोहित शर्मा को 2027 वर्ल्ड कप के प्लान से बाहर करने की खबरों को लेकर चर्चाओं में भी रहे।
बताते चलें कि चयन समिति के सदस्यों में जिसके पास सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों का अनुभव होता है, उसी को मुख्य चयनकर्ता यानी चीफ सेलेक्टर बनाया जाता है।
नई पोजीशन के लिए क्या है क्वालीफिकेशन?
BCCI की नई वैकेंसी के लिए आवेदनकर्ता के पास निम्न में से किसी एक योग्यता का होना जरूरी है:
- कम से कम 7 टेस्ट मैचों का अनुभव।
- 30 फर्स्ट-क्लास मैचों का अनुभव।
- 10 ODI मैच और 20 फर्स्ट-क्लास मैचों का अनुभव।
इसके अलावा आवेदनकर्ता को संन्यास लिए कम से कम 5 साल का समय हो चुका होना चाहिए।
आवेदनकर्ता को ऊपर दिए गए पहले तीन विकल्पों में से किसी एक को पूरा करना होगा। साथ ही रिटायरमेंट के बाद 5 साल का कूल-ऑफ पीरियड अनिवार्य है।
14 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
BCCI चयन समिति में इस नई वैकेंसी के लिए 14 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार करेगा। इसके बाद पहले स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया होगी। फिर चयनित आवेदनकर्ताओं को पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
सेलेक्टर्स के सामने 2027 वर्ल्ड कप की चुनौती
चयन समिति के लिए आने वाला एक साल चुनौतीपूर्ण हो सकता है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में अगले कुछ महीनों के भीतर टीम का परफेक्ट कॉम्बिनेशन तैयार करना सेलेक्टर्स के लिए बड़ी चुनौती होगी।









