Babar Azam की तूफानी वापसी, डेब्यू मैच में जड़ा 86 रन का अर्धशतक; Desert Vipers को दिलाई पहली जीत

डेस्क : पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने आखिरकार अपने बल्ले से जवाब दे दिया है। लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर ने ILT20 में अपने डेब्यू मुकाबले को यादगार बना दिया। Desert Vipers की ओर से खेलते हुए उन्होंने Sharjah Warriors के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की और टीम को छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में बाबर आजम ने महज 51 गेंदों पर 86 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 13 चौके और दो छक्के शामिल रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

ILT20 में बनाया खास रिकॉर्ड

बाबर आजम ने अपनी इस पारी के दौरान एक खास उपलब्धि भी हासिल की। वह ILT20 की एक पारी में 13 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी बल्लेबाजी में पुरानी लय और आक्रामक अंदाज देखने को मिला।

दरअसल, बाबर पिछले कुछ समय से बड़ी पारियां खेलने के लिए संघर्ष कर रहे थे। पिछली 10 पारियों में उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला था। श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज में भी वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने अर्धशतक जरूर लगाया था।

ऐसा रहा मुकाबले का हाल

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी Sharjah Warriors की टीम 20 ओवर में 166 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से पॉल वाल्टर ने 43 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। Desert Vipers की ओर से खुज़ैमा बिन तनवीर और शादाब खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Desert Vipers ने बाबर आजम की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 17.3 ओवर में ही चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बाबर के अलावा जो क्लॉर्क ने 27 गेंदों पर 35 रन का योगदान दिया। इस जीत के साथ ही पिछले सीजन की चैंपियन Desert Vipers ने मौजूदा ILT20 सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं, बाबर आजम की शानदार वापसी ने उनके प्रशंसकों को भी बड़ी राहत दी है।

Related Articles

Back to top button