कैफे मालिक शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा के फ्लैट से मिलीं शक्तिवर्धक दवाएं, कॉल डिटेल में बड़े नाम, लखनऊ To नेपाल अलर्ट !

लखनऊ के हाईप्रोफाइल इलाकों और जगमगाती रातों के पीछे छिपे काले सच का एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया है। कैफे मालिक शिवा शर्मा की अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई संदिग्ध मौत का मामला अब बेहद पेचीदा और खौफनाक मोड़ लेता दिख रहा है। इस पूरी वारदात के केंद्र में खड़ी है फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे, जिसके अतीत और फ्लैट की छानबीन में ऐसे-ऐसे राज खुले हैं, जिन्हें सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

जब पुलिस श्रद्धा दुबे के लखनऊ स्थित फ्लैट पर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। घर से आपत्तिजनक और शक्तिवर्धक दवाइयां बरामद हुईं। इतना ही नहीं, घटना के समय वहां श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि भी मौजूद बताई जा रही है। जब पुलिस ने श्रद्धा की कॉल डिटेल की कड़ियां जोड़ीं, तो शहर के कई रसूखदार नेताओं, बड़े बिल्डरों और नामचीन चेहरों के नंबर सामने आए। यह इस बात का साफ इशारा है कि साधारण जिंदगी से निकलकर हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल जीने वाली यह मॉडल किस कदर गहरे नेटवर्क से जुड़ी हुई थी।

रायबरेली की रहने वाली श्रद्धा दुबे करीब दस साल पहले अपने पति प्रिंस दुबे और मासूम बच्चे को छोड़कर लखनऊ की चकाचौंध में आ बसी थी। जल्द से जल्द अमीर और करोड़पति बनने की अंधी चाह ने उसे मॉडलिंग की दुनिया में धकेला और फिर वह धीरे-धीरे जुर्म और रसूख के खतरनाक खेल का हिस्सा बनती चली गई।

इस मामले में केवल श्रद्धा ही नहीं, बल्कि जेल में बंद रंगदारी का इनामी बदमाश ऋषभ राय भी घेरे में है। शिवा की मां ने पहले ही विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी कि ऋषभ राय जेल से ही उनके बेटे को धमकियां दे रहा था। इस पूरी पटकथा में मॉडल श्रद्धा दुबे और ऋषभ राय के बीच नजदीकी संबंध होने की बात भी सामने आई है।

शिवा की मौत के बाद श्रद्धा की लोकेशन अयोध्या की तरफ पाई गई है, जिसके बाद हजरतगंज पुलिस टोल प्लाजा के सीसीटीवी खंगालने में जुटी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह नेपाल भागने की फिराक में है। फिलहाल, पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश व आदिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नेपाल सीमा से लेकर दिल्ली तक जाल बिछा दिया है। लेकिन एक मां के बिलखते सवाल अब भी इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर उसके बेगुनाह बेटे की जान क्यों ली गई।

Related Articles

Back to top button