आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, इंजीनियर और उनके पिता की मौत, तीन घायल

आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रफ्तार और नींद की एक छोटी सी झपकी ने एक ही पल में हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिल्ली से अपने पैतृक गांव रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आ रहे मऊ जिले के एक परिवार की कार आजमगढ़ के तहबरपुर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार चला रहे सिविल इंजीनियर और उनके बुजुर्ग पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार की महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव के रहने वाले 52 वर्षीय शादाब दिल्ली के जामिया नगर की हाजी कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे और वहीं सिविल इंजीनियर थे। गांव में होने वाले एक मांगलिक कार्यक्रम की खुशी में शरीक होने के लिए वे अपने 83 वर्षीय पिता खुर्शीद अहमद, पत्नी आसमां बानो, 15 वर्षीया बेटी मायरा और 9 वर्षीय बेटे अदनान के साथ खुद कार चलाकर दिल्ली से निकले थे।

सफर के दौरान जैसे ही उनकी कार आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओहनी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 216.2 पर पहुंची, तभी अचानक शादाब को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार पलक झपकते ही बेकाबू होकर दाहिने डिवाइडर से जा टकराई और घिसटती हुई सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सूचना मिलते ही यूपीडा की राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शादाब और उनके पिता खुर्शीद को मृत घोषित कर दिया, जबकि जीवन और मौत से जूझ रही पत्नी और बेटी का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। अपनों को खोने का यह मंज़र और मासूम बच्चों की चीखें किसी का भी दिल दहला देने के लिए काफी हैं।

Related Articles

Back to top button