दिवाली से पहले CM योगी का प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा, 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेशवासियों को दिवाली का बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की सौगात देंगे। इस दौरान लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि भी ट्रांसफर की जाएगी। सरकार की इस पहल से प्रदेश के करीब 1.89 करोड़ परिवारों को सीधा लाभ मिलने वाला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 4 बजे लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाभार्थियों के खातों में करीब 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि ट्रांसफर करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सरकार की इस योजना का उद्देश्य त्योहार के समय गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत देना है। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर रसोई गैस की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में मुफ्त सिलेंडर की सुविधा से करोड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दिवाली के अवसर पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आज दिवाली से पहले लाभार्थियों को यह सौगात देंगे।

लोकभवन में होने वाले इस कार्यक्रम पर प्रदेशभर के लाभार्थियों की नजरें रहेंगी। 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि का हस्तांतरण प्रदेश की बड़ी आबादी को त्योहार से पहले आर्थिक सहायता पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है

Related Articles

Back to top button