Glenn Maxwell Retirement: रिटायरमेंट के बाद ग्लेन मैक्सवेल का बड़ा खुलासा, बताया क्यों छोड़ा इंटरनेशनल क्रिकेट

डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अपने फैसले को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मैक्सवेल के मुताबिक, उनका रिटायरमेंट अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि इसके पीछे ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट के साथ कई दौर की बातचीत हुई थी। ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले और उसके बाद भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। मैक्सवेल ने बताया कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और बातचीत पूरी तरह खुली रही।

टीम मैनेजमेंट के साथ कई बार हुई बातचीत

बता दे कि 38 वर्षीय ग्लेन मैक्सवेल ने ‘फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान बताया कि T20 वर्ल्ड कप से पहले और बाद में ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट के साथ उनके भविष्य को लेकर कई बार चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट की ओर से कोई दबाव नहीं बनाया गया और दोनों पक्षों ने भविष्य के विकल्प खुले रखे थे।

मैक्सवेल के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले से ही भविष्य की योजनाओं पर काम कर रही थी। टीम के अगले दौरों और सीरीज में युवा खिलाड़ियों को मौके दिए जा रहे थे। उन्होंने खासतौर पर बांग्लादेश दौरे का जिक्र किया, जहां कई युवा खिलाड़ियों ने मिले अवसर का फायदा उठाते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

MCG में फेयरवेल मैच खेलने की थी उम्मीद

मैक्सवेल ने बातचीत में यह भी स्वीकार किया कि उनके मन में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर विदाई मैच खेलने की एक छोटी सी उम्मीद थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई टीम की भविष्य की योजनाओं और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के फैसले को अच्छी तरह समझते हैं। उनके मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट आने वाले समय में बड़े बदलावों के दौर से गुजरने वाला है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव देना जरूरी है।

2028 ओलंपिक को देखते हुए टीम में होंगे बड़े बदलाव

मैक्सवेल ने कहा कि अगले 12 से 24 महीनों में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसकी एक बड़ी वजह 2028 में होने वाले ओलंपिक भी हैं।

उन्होंने जोर दिया कि युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलना चाहिए, ताकि वे देश का प्रतिनिधित्व करने के दबाव और जिम्मेदारियों को समझ सकें। मैक्सवेल के अनुसार, बिग बैश लीग (BBL) जैसे घरेलू टूर्नामेंट में खेलने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव का सामना करने में काफी अंतर होता है।

14 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर पर लगा विराम

ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने 14 साल के शानदार करियर का अंत कर दिया है। उन्होंने आखिरी बार फरवरी 2026 में ओमान के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था। उस मैच में उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए थे, जबकि उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।

मैक्सवेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे, 130 T20 इंटरनेशनल और 7 टेस्ट मैच खेले। वह 2015 और 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे। इसके अलावा 2021 में T20 विश्व कप जीतने वाली टीम में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। मैक्सवेल का संन्यास ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एक बड़े दौर का अंत है, वहीं अब टीम की नजर युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए मजबूत टीम बनाने पर होगी।

Related Articles

Back to top button