
वाराणसी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की राजनीति और काशी के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि यदि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बनारस को भी मेट्रो की सौगात दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर वाराणसी के विकास को नई दिशा दी जाएगी और शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 में जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी तो प्रदेश के युवा मुस्कुराएंगे।
सपा प्रमुख ने काशी के विकास को लेकर मौजूदा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि काशी के साथ भेदभाव हुआ है और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अब तक कोई खास सुधार नहीं किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी में जाम की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस समाधान नहीं दे पाई है।
वहीं, काशी को क्योटो की तर्ज पर विकसित करने के दावे पर भी अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार काशी को क्योटो नहीं बना पाई तो कम से कम उसकी तस्वीर ही लगा देती। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद वाराणसी के विकास, मेट्रो परियोजना और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है।









