भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, बड़ा रेल हादसा टला, कई ट्रेने रद्द

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना से हड़कंप मच गया। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 50 जीबी के पास जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उससे कुछ देर पहले ही अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन वहां से गुजर चुकी थी। इससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

सीमा के पास धमाके से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। सूचना मिलते ही ATS, CID, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और विभिन्न खुफिया एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे की तकनीकी टीम और भारी पुलिस बल ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ धमाके में इस्तेमाल सामग्री की जांच कर रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर ट्रेनें रद्द

धमाके के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ियों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया है। इस रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक की मरम्मत पूरी होने और सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद ही रेल यातायात बहाल किया जाएगा।

SP हरिशंकर के निर्देशन में जांच तेज

श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशन में मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमावर्ती इलाके में हुए इस धमाके के पीछे असामाजिक तत्वों या देशविरोधी ताकतों का हाथ तो नहीं है।

पुलिस प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां धमाके के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।

Related Articles

Back to top button