
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के येलाहंका से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक फैक्ट्री मालिक ने अपने ही 22 वर्षीय कर्मचारी की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कर्मचारी को अपनी 19 वर्षीय बेटी के साथ घर पर देख लिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान केरल निवासी किरण के रूप में हुई है, जबकि आरोपी फैक्ट्री मालिक आनंद राज तमिलनाडु का रहने वाला है।
बेटी के साथ घर पर मिला था कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी आनंद राज की स्वीट कॉर्न बनाने वाली मशीनों की फैक्ट्री है। केरल निवासी 22 वर्षीय किरण इसी फैक्ट्री में काम करता था। वहीं, आनंद राज की 19 वर्षीय बेटी मैसूरु में पीयूसी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है और हॉस्टल में रहती है।
दशहरा की छुट्टियों में वह घर आई हुई थी। इसी दौरान उसकी किरण से नजदीकियां बढ़ गई थीं। पुलिस के मुताबिक, किरण और आनंद राज की बेटी के बीच संबंध थे। बताया जा रहा है कि आनंद राज इस रिश्ते से खुश नहीं था।
घर लौटकर बेटी के साथ कर्मचारी को देखा
पुलिस के अनुसार, सोमवार को आनंद राज ने अपनी बेटी से कहा था कि वह तमिलनाडु स्थित अपने गांव जा रहा है। हालांकि, उसी दिन दोपहर बाद वह अपनी पत्नी के साथ येलाहंका स्थित घर लौट आया।
घर पहुंचने पर उसने किरण को अपनी बेटी के साथ एक कमरे में देखा। इसके बाद आरोपी ने अपनी बेटी को उसकी मां के साथ चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के घर भेज दिया, जबकि किरण को घर के अंदर ही रोक लिया।
पूरी रात क्रिकेट बैट से पीटता रहा आरोपी
बताया जा रहा है कि आनंद राज ने किरण को पूरी रात क्रिकेट बैट से पीटा। अगले दिन दोपहर में उसने किरण के पेट के निचले हिस्से में लात मारी, जिसके बाद वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
आरोपी किरण को ऑटो-रिक्शा से अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मुकदमा दर्ज, फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद येलाहंका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी आनंद राज को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।









