
बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान एक बार फिर अपने गाने को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज हो गया है। सलमान खान ने इस गाने को सुबह करीब 5 बजे रिलीज कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।
खास बात यह है कि इस गाने के जरिए सलमान खान करीब 11 साल बाद एक बार फिर सिंगिंग करते नजर आ रहे हैं। सलमान इससे पहले भी कई फिल्मों में अपनी आवाज का जादू दिखा चुके हैं। अब एक बार फिर उनकी आवाज में नया गाना सुनकर फैंस काफी उत्साहित हैं। इस गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है। इसके बोल साजिद खान ने लिखे हैं।
गाने के वीडियो में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। दोनों की केमिस्ट्री और गाने का मस्तीभरा अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में सलमान खान का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। वहीं, चित्रांगदा सिंह भी अपने डांस और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस से गाने में चार चांद लगाती दिखाई दे रही हैं।
हालांकि, गाने को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं। जहां सलमान के प्रशंसक उनकी वापसी को लेकर उत्साहित हैं, वहीं कुछ लोग फिल्म की कहानी और गाने के अंदाज को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
दरअसल, ‘मातृभूमि’ एक युद्ध आधारित फिल्म है, जिसकी कहानी गलवान घाटी संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही है। ऐसे में फिल्म के गंभीर विषय के बीच रोमांटिक गाने को शामिल किए जाने पर भी चर्चा हो रही है।
फिलहाल सलमान खान का यह नया गाना रिलीज होते ही मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि दर्शकों के बीच यह गाना कितना लोकप्रिय होता है।









