
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम तक साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी गई है। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।
करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन रामायण से जुड़े दो महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी। एक ओर प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और दूसरी ओर माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम तक श्रद्धालु रेल मार्ग से पहुंच सकेंगे।
इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही रामायण से जुड़े स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।









