कौन थे स्व. विनय कुमार सिंह ‘बिन्नू’,जिनकी 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज गोरखपुर के दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान वह चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव पहुंचकर स्वर्गीय विनय कुमार सिंह ‘बिन्नू’ को उनकी 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। हालांकि बिन्नू सिंह के निधन को 10 साल बीत चुके हैं, लेकिन सपा प्रमुख के इस कार्यक्रम के कारण वह एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गए हैं। इस विशेष मंच से अखिलेश यादव उनके भाई अजय कुमार सिंह को समाजवादी पार्टी की औपचारिक सदस्यता भी दिलाएंगे।

स्वर्गीय विनय कुमार सिंह ‘बिन्नू’ अपने शुरुआती दौर से ही काफी जुझारू और तेज-तर्रार राजनेता माने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। 1980 के दशक में गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की और जीत हासिल करने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद 1989 के आम चुनावों में वह जनता दल से जुड़े और रामपाल सिंह के बेहद करीबी होने के नाते हिंदू महासभा के बैनर पर चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु एवं दिग्गज संत महंत अवेद्यनाथ के खिलाफ खुलकर चुनाव प्रचार किया था। हालांकि उस चुनाव में महंत अवेद्यनाथ विजयी रहे थे।

इसके अलावा 90 के दशक में बिन्नू सिंह ने पूर्वांचल के कद्दावर नेता रहे स्व. ओमप्रकाश पासवान के विरुद्ध भी विधानसभा चुनाव में ताल ठोकी थी। स्व. ओमप्रकाश के बड़े पुत्र कमलेश पासवान वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं। अपने बेबाक अंदाज और संघर्षशील राजनीतिक मिजाज के कारण बिन्नू सिंह ने क्षेत्रीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई थी। आज उनकी बरसी के मौके पर सपा सुप्रीमो का गोरखपुर पहुंचना और उनके परिवार को पार्टी से जोड़ना पूर्वांचल में पार्टी की सियासी जमीन को मजबूत करने की एक बड़ी रणनीति माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button