कांग्रेस दशकों तक ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देती रही, हमने 12 साल में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला: PM मोदी

वैशाली (बिहार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के पुराने नारे ‘गरीबी हटाओ’ का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। पीएम मोदी ने कहा कि यह सरकार की इच्छाशक्ति और गरीबों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा लगाती रही, लेकिन हमने सिर्फ 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता हासिल की।” उन्होंने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई इसलिए जीत रहा है, क्योंकि सरकार ने गरीबों का जीवन आसान बनाने और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है।

पीएम मोदी ने अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। लाखों परिवारों को पक्के मकान देकर सुरक्षा का एहसास कराया गया है। वहीं, मुफ्त इलाज की सुविधा देकर गरीब परिवारों को महंगे स्वास्थ्य खर्च के बोझ से राहत दी गई है।

बिहार में NDA सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने बिहार में एनडीए शासन और उससे पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले राज्य में घोटालों और अपराध के आंकड़ों की चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात होती है। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता का भरोसा और शासन की कार्यशैली बदली है।

पीएम मोदी ने बिहार के पिछले तीन दशकों के राजनीतिक और प्रशासनिक सफर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास का नया रास्ता चुना था। नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इस मिशन को आगे बढ़ा रही है।

34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान गंगा नदी पर बने छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ को भी जनता को समर्पित किया गया। पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ने वाला यह पुल बिहार की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। प्रधानमंत्री ने पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को उनकी सेवा और समर्पण के प्रति बिहार की जनता का सम्मान बताया।

100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

पीएम मोदी ने बिहार में शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ईबसों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि इन बसों से शहरों में सार्वजनिक परिवहन अधिक सुविधाजनक होगा। साथ ही प्रदूषण कम करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गईं।

चिराग पासवान ने भी की नीतीश कुमार की तारीफ

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी नीतीश सेतु के उद्घाटन को बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय लोगों की दशकों पुरानी मांग थी, जिसे डबल इंजन सरकार ने पूरा किया है।

चिराग पासवान ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके संकल्प के कारण आज यह पुल बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना विकसित बिहार के बिना पूरा नहीं हो सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में छठ पर्व के समापन के बाद उमड़ी भारी भीड़ को विकास का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं बिहार के विकास को नई गति देंगी।

Related Articles

Back to top button