
मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शादी समारोह की दावत उस वक्त मुसीबत बन गई, जब गाजर का हलवा खाने के बाद करीब 100 से 150 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लोगों ने शादी समारोह में गाजर का हलवा खाया था, जिसके बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं।
मामला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के नगवा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव में अनंत की शादी का समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण शादी की दावत खाने पहुंचे थे। समारोह में भोजन के साथ गाजर का हलवा भी परोसा गया था। दावा किया जा रहा है कि हलवा खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
देखते ही देखते करीब 100 से 150 लोग फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए। किसी को उल्टी की शिकायत हुई तो किसी को दस्त और पेट दर्द की परेशानी होने लगी। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने की खबर से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई इस घटना ने परिवार और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल गाजर का हलवा खाने और लोगों की तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में फूड पॉइजनिंग को लेकर चर्चाएं तेज हैं।








