UP Election 2027: कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- जीत ही होगा बंटवारे का आधार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है और सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना ही सबसे बड़ा आधार होगी।

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव से कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने संकेत दिया कि सपा उन सीटों पर कांग्रेस को मौका देने के पक्ष में है, जहां उसके उम्मीदवारों के जीतने की संभावना मजबूत होगी। हालांकि, अखिलेश ने अभी सीटों की संख्या या बंटवारे का कोई निश्चित फॉर्मूला सार्वजनिक नहीं किया है।

जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का फैसला

अखिलेश यादव के बयान से साफ है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत का सिलसिला जारी है। सीट शेयरिंग में किसी तय संख्या के बजाय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

इससे पहले भी कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश में सीटों को लेकर अपनी मांग रखे जाने की बात सामने आई थी। अब अखिलेश के ताजा बयान ने गठबंधन की बातचीत को फिर चर्चा में ला दिया है।

Related Articles

Back to top button