
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) का 57वां संस्करण गोवा में आयोजित हो रहा है। इस मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में IFFI की भूमिका की जमकर सराहना की। उन्होंने भारतीय सिनेमा से जुड़े कलाकारों और प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लें और इसे बढ़ावा दें।
IFFI के 57वें संस्करण में शामिल होने के लिए अनुपम खेर भी गोवा पहुंच चुके हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि IFFI दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी जगह बना चुका है। इसमें अंतरराष्ट्रीय हस्तियों, फिल्म निर्माताओं और कलाकारों की भागीदारी ने इसे एक बड़ा मंच दिया है।
अनुपम खेर ने कहा, “मुझे लगता है कि IFFI दुनिया के सबसे जरूरी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में से एक बन गया है। इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज, फिल्ममेकर्स और एक्टर्स के हिस्सा लेने से इसे एक बहुत बड़ा स्टेज मिला है। सेमिनार, डिस्कशन, फिल्म बाजार, फिल्म प्रीमियर और पैनोरमा फिल्में सभी बहुत बढ़िया हैं। सिनेमा के इंडियन रिप्रेजेंटेटिव्स के तौर पर, हमें इसमें हिस्सा लेकर फेस्टिवल को प्रमोट करना चाहिए।”
86 देशों की 150 से ज्यादा फिल्में होंगी प्रदर्शित
इस साल IFFI में 86 देशों की भागीदारी देखने को मिल रही है। फेस्टिवल में 150 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य अलग-अलग देशों की कहानियों और संस्कृतियों को सिनेमा के माध्यम से एक मंच पर लाना है।
फिल्म फेस्टिवल में इस बार नौ वर्ल्ड प्रीमियर, दो इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशियन प्रीमियर और 116 इंडियन प्रीमियर शामिल हैं। इसके जरिए दर्शकों को अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और पीढ़ियों की फिल्मों को देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।
फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों को किया गया सम्मानित
IFFI के इस संस्करण में इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता आनंद एल. राय कर रहे हैं। उनके साथ जूरी सदस्य बोगदान मुरेसानु, सोल बेरुएज़ो पिचोन-रिविएर, मारिया एलेजांद्रा रोजास और रत्चापूम बूनबुनचाचोक को भी समारोह में सम्मानित किया गया।
इसके अलावा इंडियन पैनोरमा के फीचर और नॉन-फीचर फिल्म सेक्शन के चेयरपर्सन मधुर भंडारकर और हिमांशु शेखर खटुआ को भी सम्मान दिया गया।
वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण भी शुरू
गोवा में 20 नवंबर को वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण भी शुरू हुआ। यह आयोजन भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय बाजार और नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके जरिए फिल्म निर्माताओं और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को वैश्विक स्तर पर सहयोग के नए रास्ते तलाशने का मौका मिल रहा है।
IFFI का 57वां संस्करण 28 नवंबर तक चलेगा। इस बार का आयोजन भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ दुनिया भर की फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहा है।








