
हाथरस: कोतवाली सिकंदरराऊ क्षेत्र के गांव बिलार के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। अनियंत्रित रोडवेज बस ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ऑटो से जा रहे थे। रास्ते में गांव बिलार के पास अचानक बस ने नियंत्रण खो दिया और टेंपो को रौंद डाला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसके भीतर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस हृदयविदारक दृश्य से स्तब्ध नजर आया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।









