दहेज में मनचाही कार न मिलने पर भड़का दिल्ली पुलिस का जवान… ‘मुझे Brezza चाहिए Aura नहीं’ कहकर मंडप से लौटाई बारात

सोनीपत में दिल्ली पुलिस के जवान पर दहेज में ब्रेजा कार मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर मंडप से बारात वापस ले जाने का आरोप लगा है।

हरियाणा के सोनीपत से दहेज लोभ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोहाना के गांधी नगर निवासी और दिल्ली पुलिस में तैनात एक युवक पर दहेज में मनचाही कार (ब्रेजा) न मिलने पर ऐन वक्त पर बारात वापस ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद दुल्हन पक्ष सदमे में है और पीड़ित पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।

सगाई के दौरान ‘ऑरा’ कार लेने से किया इनकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोहाना के गांधी नगर निवासी 12वीं पास युवक (जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है) की शादी करीब छह महीने पहले सोनीपत के राम नगर की एमए और जेबीटी पास युवती से तय हुई थी। 19 नवंबर को सगाई की रस्म धूमधाम से संपन्न हुई। दुल्हन के पिता ने दहेज में देने के लिए करीब 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा (Aura) कार बुक करवाई थी। आरोप है कि सगाई के दौरान दूल्हे ने यह कहकर ऑरा कार लेने से मना कर दिया कि यह गाड़ी तो टैक्सी में चलती है और उसे दहेज में हर हाल में मारुति ब्रेजा (Brezza) कार ही चाहिए।

1200 मेहमानों का इंतजाम धरा रह गया

दूल्हे की जिद के आगे झुकते हुए दुल्हन के पिता ने तुरंत ऑरा कार की बुकिंग रद्द करवा दी, लेकिन शादी में महज एक दिन का समय बचा होने के कारण तत्काल ब्रेजा कार की बुकिंग नहीं हो सकी। दुल्हन पक्ष के मुताबिक, शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे और गाड़ी के अलावा दूल्हे, उसकी मां तथा भाई-भाभी को भी जेवर दिए जाने थे। 20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित एक वाटिका में 1200 मेहमानों के स्वागत और भोजन का भव्य इंतजाम किया गया था।

मंडप में गाड़ी न देख लौटाई बारात

दुल्हन के पिता का आरोप है कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी मां के साथ पहले सादे कपड़ों में वाटिका पहुंचा। जब वहां उसे अपनी मांग के मुताबिक ब्रेजा कार खड़ी नहीं मिली, तो वह भड़क गया और बिना शादी किए ही बारात को वापस गोहाना ले गया। घटना से आहत पिता की शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए तलब किया है। हालांकि, पुलिस द्वारा अभी तक इस मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button