
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मौड़ खुर्द गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बेटी की सगाई होने के तुरंत बाद कर्ज से परेशान किसान पिता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान की पहचान वीर सिंह के रूप में हुई है, जिन्होंने खेत पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक, किसान वीर सिंह पर लाखों रुपये का कर्ज था और उन्होंने यह कर्ज अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए लिया था। बताया जा रहा है कि बीते दिन बेटी की सगाई संपन्न हुई थी और आगामी मई में उसकी शादी तय थी। शादी की जिम्मेदारियों और कर्ज के बढ़ते दबाव के बीच वे मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद मौड़ खुर्द गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।









