
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज में एक युवक ने अपनी प्रेमिका और उसके परिवार पर तेजाब से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने तेजाब फेंकने के बाद परिवार के लोगों पर चाकू से भी हमला किया। इस घटना में प्रेमिका, उसके माता-पिता समेत आरोपी भी घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक रात के समय अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक ने प्रेमिका व उसके परिवार के लोगों पर तेजाब फेंक दिया। इसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। तेजाब के हमले में प्रेमिका और उसके माता-पिता भी झुलस गए। वहीं, तेजाब अटैक और चाकूबाजी के दौरान आरोपी युवक भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह और पूरे विवाद को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज में हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।









