परिसीमन बिल पर घमासान, स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे राहुल-सोनिया-खरगे

नई दिल्ली: परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। संसद में इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी के बीच कांग्रेस अब विपक्षी खेमे में किसी तरह की दरार नहीं चाहती। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को अपने साथ लाने की कोशिश में जुटा है। इस राजनीतिक कवायद के लिए दिल्ली से चेन्नई तक हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात कर सकते हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भी इस दौरे में शामिल होने की चर्चा है। इस मुलाकात का मुख्य एजेंडा परिसीमन बिल पर विपक्ष की साझा रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है।

दरअसल, परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच एकमत बनाने की कांग्रेस की कोशिशों को उस समय चुनौती मिली, जब DMK ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया। तमिलनाडु की राजनीति में परिसीमन का मुद्दा बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस के लिए स्टालिन के साथ सहमति बनाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है।

कांग्रेस के सामने विपक्ष को एकजुट रखने की चुनौती

कांग्रेस की चिंता सिर्फ संसद में संख्या बल तक सीमित नहीं है। पार्टी चाहती है कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष एक साझा राजनीतिक रुख अपनाए। अगर DMK और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर मतभेद बने रहते हैं, तो INDIA गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल उठ सकते हैं।

स्टालिन के रुख पर टिकी निगाहें

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व एमके स्टालिन को अपने रुख पर दोबारा विचार करने के लिए राजी कर पाएगा? क्या चेन्नई में होने वाली बातचीत से विपक्ष की साझा रणनीति निकल पाएगी? संसद के विशेष सत्र से पहले यह मुलाकात परिसीमन बिल पर विपक्ष की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Related Articles

Back to top button