सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी मजबूत, मुश्ताक अली ट्राफी में बल्ले से मचा रहे धमाल

भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करते नजर आ रहे हैं। 2026 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्या का बल्ला लगातार रन उगल रहा है। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। सूर्यकुमार यादव ने पांच पारियों में 214 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी को देखते हुए टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

कप्तानी छिनने के बाद टीम से भी हुए बाहर

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इसके बाद उनसे टी20 टीम की कप्तानी छीन ली गई और उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया। हालांकि, उन्हें कप्तानी से हटाने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई, लेकिन खराब फॉर्म के चलते उन्हें टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ी।

अब घरेलू क्रिकेट में सूर्या का शानदार प्रदर्शन उनकी वापसी का रास्ता खोल सकता है।

5 पारियों में 214 रन, 230 का स्ट्राइक रेट

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में सूर्यकुमार यादव ने अब तक पांच पारियां खेली हैं। इस दौरान उन्होंने 53.50 की औसत और करीब 230 के स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 82 रन रहा है।

सूर्या अपने पुराने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। टूर्नामेंट में कम से कम 20 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। उन्होंने 230.10 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस सूची में राजस्थान के हिमांशु नेहरा 229.16 के स्ट्राइक रेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

ऐसा रहा है सूर्यकुमार यादव का टी20 करियर

सूर्यकुमार यादव के टी20 करियर पर नजर डालें तो वह अब तक 379 मुकाबले खेल चुके हैं। इसमें भारतीय टीम के लिए खेले गए 113 टी20 इंटरनेशनल मैच भी शामिल हैं।

उन्होंने इस फॉर्मेट की 352 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 34.76 की औसत और 153.70 के स्ट्राइक रेट से 9,943 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 67 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा है। इनमें से चार शतक उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगाए हैं।

क्या टीम इंडिया में होगी सूर्या की वापसी?

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार यादव का मौजूदा प्रदर्शन उनकी बल्लेबाजी में लय लौटने का संकेत दे रहा है। लगातार रन बनाने और शानदार स्ट्राइक रेट के दम पर उन्होंने टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें जगा दी हैं। अब देखना होगा कि उनके इस प्रदर्शन का चयनकर्ताओं पर कितना असर पड़ता है।

Related Articles

Back to top button