
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी अपना पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव मना रहे हैं. इस अवसर पर मंत्री नन्द गोपाल ने अपने आवास पर रक्तदान शिविर का आयोजन कराया. इस दौरान मंत्री नंदी, के अतिरिक्त महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, पुत्र व पुत्री ने भी रक्तदान किया. इस दौरान उनके समर्थकों ने भी बड़ी संख्या में रक्तदान किया.
इस मौके पर नंदी को शुभकामना देने के लिए प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़ कौशांबी सहित कई जनपदों में नंदी को चाहने वालों ने यज्ञ, हवन, व रक्तदान शिविर का आयोजन किया. कैबिनेट मंत्री नंदी ने आग्रह किया कि लोगों के हित में सभी स्वस्थ लोगों को समय समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए. यह आयोजन इसी लिए किया गया जिससे कि प्रयागराज जनपद के ब्लड बैंक में रक्त की कमी न हो. प्रत्येक व्यक्ति को समय समय पर जैसे जन्मदिवस, सालगिरह आदि मौकों पर रक्तदान करना चाहिए. वास्तव में आप का रक्त किसी दूसरे के लिए जीवन दान बन सकता है. कोई भी दान इससे बड़ा नहीं हो सकता है.
गौरतलब है कि यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंदी पर आज के दिन ही यानी 12 जुलाई को ही 12 वर्ष पूर्व रिमोट कंट्रोल आरडीएक्स बम से हमला किया गया था. जिसमे उनके सुरक्षाकर्मी और एक पत्रकार की मौत भी हो गई थी, जबकि नंदी गंभीर रूप से घायल हुए थे। कई महीनों के इलाज के बाद वे स्वस्थ्य हुए और तभी से ये दिन उनकी जिंदगी में अमूल्य है.









