
एक तरफ जहां पूरा देश जन्माष्टमी के रंग में रंगा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय रेलवे ने भी मथुरा-वृंदावन के लोगों को जन्माष्टमी का तोहफा दिया है. पूर्वोत्तर रेलवे की इज्जतनगर कार्यशाला ने अधिक शक्तिशाली इंजन के साथ पूरी तरह से नवीनीकृत रेल बस का उत्पादन किया है.

पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा द्वारा मथुरा-वृंदावन के लोगों को दिए गए रेल बस की छंटा बेहद मनोहारी है. 4.2 करोड़ की लागत से निर्मित यह रेल बस 50 सीटों वाली है. फिलहाल यह 50 सीटर रेल बस मथुरा और वृंदावन के बीच 12 किलोमीटर मीटर गेज ट्रैक पर चलेगी.

मथुरा वृन्दावन की यात्रा करने वाले यात्रियों की हर सुविधा का ध्यान रखते हुए इस रेल बस का निर्माण किया गया है. सफर के आनंद के साथ यात्रियों के लिए आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने खास ख्याल रखा है. नार्थ ईस्टर्न रेलवे जल्द ही इस सेवा को मथुरा-वृन्दावन यात्रियों के लिए समर्पित करेगी. 50 सीटर इस रेल बस की छतों पर कई डिजाइन बहुत बारीकी से उकेरी गई है.

रेल बस के आउटर पोरशन पर मंदिरों की कलाकृत बेहद ही सुंदर और मन को मोह लेने वाली है. मथुरा वृन्दावन की यात्रा को यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक बनाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की यह पहल बेहद सराहनीय है. बहरहाल, 50 सीटर इंटरसिटी रेल बस जल्द ही दोनों शहरों में यात्रियों को सेवा देगी.









