
संगम नगरी प्रयागराज में स्वास्थ्य महकमें की अनोखी पहल देखने को मिल रही है। बाढ़ के बाद घटे जलस्तर से गंगा और यमुना के तटवर्ती इलाकों में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है, जिसको देखते हुए प्रयागराज सीएमओ ने बाइक पर डॉक्टरों की टीम तैनात कर दिया है। बाइक पर ही डॉक्टरों की टीम घर घर जाकर लोगों का हाल चाल ले रही है, जहां कहीं पर भी कोई बीमार या फिर कोई दिक्कत है, तो उसे जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उसे जरूरी उपचार के लिए भी सलाह दे रही है। स्वास्थ्य महकमें के इस पहल की सराहना कर रहें हैं।
ख़ास बात यह है कि बाइक पर डॉक्टर और फार्मासिस्ट सभी जरूरी दवाएं लेकर निकलते हैं। लोगों का हाल चाल जानते हैं। अगर कोई किसी बीमारी से पीड़ित है तो उसे जरूरी दवाएं दी जाती हैं, साथ ही यह भी कहा जाता है कि उन्हें जब भी दवाओ की जरूरत पड़े तो वह फोन करें, डॉक्टर्स की टीम उन्हें खुद उनके घर पर ही पहुंचकर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराएगी।
सीएमओ डॉ नानक सरन के मुताबिक इस पहल में करीब 85 बाइक पर डॉक्टरों की टीम गांव और शहर में तैनात की गई है। बाइक पर तैनात डॉक्टरों की टीम के पास सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं, लोगों की समस्या को जानकर उन्हें दिया जा रहा है। सीएमओ ने कहा कि इस पहल का मकसद है कि संक्रामक बीमारियां फैलने न पाए, हर गली और मोहल्लों में एंबुलेंस से डॉक्टरों की टीम भेज पाना भी संभव नहीं है। इस लिए बाइक पर जरूरी दवाओ के साथ गांव और शहरी इलाकों में डॉक्टरों की टीम भेजी जा रही है। वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए इस प्रयास से लोग भी बेहद खुश नजर आएं। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों ने भी सरकार और स्वास्थ्य विभाग के इस पहल की सराहना की है।









