
दिल्ली. दिल्ली सरकार बनाम LG केस में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल एक्शन मोड हैं, वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। दिल्ली सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है, केंद्र सरकार हमें काम करने से रोक रही थी, लेकिन अब दिल्ली में 10 गुना रफ्तार से काम होगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अधिकारियों की नियुक्ति दिल्ली सरकार करेगी।
दिल्ली सचिवालय में मंत्रियों के साथ बैठक के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा दिल्ली में विकास के काम रोका गया था, दिल्ली के अंदर हमारी सरकार ने अच्छा काम किया, जनता के साथ सुप्रीम कोर्ट ने न्याय किया, हम काम करना चाहते थे, केंद्र सरकार ने काम रोका, अफसरों की तैनाती, तबादला हम नहीं कर सकते थे, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अधिकारियों की नियुक्ति दिल्ली सरकार करेगी।
सीएम केजरीवाल ने कहा अब दिल्ली में तेजी से काम हों, अब दिल्ली में 10 गुना रफ्तार से काम होंगे, हम 8 साल से संघर्ष कर रहे हैं, मेरा हाथ बांधकर तैरने के लिए छोड़ दिया था, जनता के प्रति जवाबदेह सिस्टम बनाया जाएगा। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में अधिकारों की जंग पर ‘सुप्रीम’ फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिया है। CJI की अगुवाई वाली 5 जजों की संविधान पीठ ने ये फैसला सुनाया है।
सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा सभी जजों की सहमति से फैसला सुनाया गया है, ये बहुमत का फैसला है, दिल्ली सरकार जनता के प्रति जबावदेह है, ऐसे में जनता द्वारा चुनी सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण जरूरी है, दिल्ली और केंद्र दोनों सरकार के पास शक्ति है, विधानसभा को कानून बनाने का अधिकारी है, सर्विसेज दिल्ली सरकार के नियंत्रण में हों, उपराज्यपाल को सरकार की सलाह माननी चाहिए,LG सरकार की सलाह और मदद से प्रशासन चलाएं।
बता दें, दिल्ली सरकार बनाम LG केस में सुप्रीम फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यालय में जश्न का माहौल है। आप कार्यकर्ता पटाखे जलाकर जश्न मना रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद सीएम केजरीवाल ने SC का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि दिल्ली के लोगों के साथ न्याय हुआ है, सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी।









