
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोधी माने जाने वाले विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की मौत हो गई है। खबरों के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार नवलनी पिछले काफी समय से जेल में सजा काट रहे थे।
नवलनी को जेल के ‘पोलर वुल्फ’ कॉलोनी में रखा गया था। इस बारे में पिछले वर्ष जानकारी मिली थी। यहां आप को बता दें कि उग्रवाद के आरोप में नवलनी को 19 साल की सजा हुई थी। जिसके चलते उन्हें मास्को से करीब 230 किमी पूर्व मध्य रूस की जेल में रखा गया था।
जारी रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को जेल में चहलकदमी के बाद नवलनी का स्वास्थ्य बिगड़ गया था। जिसके बाद उन्होंने अपनी तबियत ठीक नहीं होने की जानकारी दी थी। जब अधिकारीयों ने उनके सेल को चेक किया तो उन्हें बेहोश पाया गया। इसके बाद मेडिकल स्टाफ को बुला कर उनकी जांच कराइ गई जहाँ उनके मौत की पुष्टि हुई। हालांकि, उनकी मौत के कारणों का पता अभी भी नहीं चल पाया है।
बता दें कि, यह पहली बार नहीं है जब उनके मौत की खबर सामने आई है। इससे पहले भी नवलनी को लेकर कई बार अफवाहें सामने आती रही हैं। वर्ष 2020 में उन्हें साइबेरिया में जहर देकर मारने की भी खबर सामने आई थी। हालांकि, रूसी सरकार ने उन्हें मारने की कोशिशों वाले आरोप को सिरे से खारिज कर दिया था। इसके बाद उनके जेल से गायब होने की भी अफवाह उड़ी थी। ऐसे में इस बार यह खबर मात्र अफवाह है या सच इसको लेकर अब तक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है जिसके चलते हमारा चैनल इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।
पुतिन के कट्टर विरोधी हैं एलेक्सी नवलनी
गौरतलब है कि, नवलनी ने रूस में जारी भ्रष्टाचार के चलते पुतिन सरकार के खिलाफ कई कैंपेन चलाए हैं। इन सबके चलते वो कई बार जेल भी जा चुके हैं। वर्ष 2011 में उन्होंने पुतिन की पार्टी के भ्रष्टाचार का बड़ा मुद्दा उठाया था। उनका आरोप था कि पुतिन की पार्टी ने संसदीय चुनाव में गोलमाल किया है। इस आरोप के बाद उन्हें 15 दिनों के लिए जेल में डाल दिया गया। साल 2013 में भी वे जेल जा चुके हैं। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। हालांकि नवलनी ने कहा कि सरकार उन्हें जानबूझ कर फंसा रही है।









