
कल यानी मंगलवार 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में इस वक़्त सियासत तेज हो गई है। इस बीच सोमवार यानी 26 फरवरी को यूपी के राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर चुनाव को लेकर विधायकों की एक अहम बैठक बुलाई गई थी। खबर है कि सपा के इस महत्वपूर्ण बैठक में उसके कुल 8 विधायक नहीं पहुंचे। वहीं उनमे से 7 विधायक तो पार्टी के संपर्क में ही नहीं है। हालाँकि, बैठक से गायब इन विधायकों को पार्टी के ओर से लगातार संपर्क करने की कोशिश हो रही है। अब चुनाव के ठीक थोड़े समय पहले पार्टी विधायकों के इस रवैये से समाजवादी पार्टी के खेमे में भगदड़ तेज होने के साथ ही क्रॉस वोटिंग की अटकलें भी लगने लगी है।
ये 8 विधायक मीटिंग से रहे गायब
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सपा कार्यालय में हुई बैठक में जो सात विधायक नहीं पहुंचे हैं, उनमें चायल विधायक पूजा पाल, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, अमेठी विधायक महाराजी देवी, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय, सिराथू विधायक पल्लवी पटेल और अंबेडकरनगर विधायक राकेश पांडेय के नाम शामिल हैं। इस बीच ये भी पता चला है कि यह सभी विधायक पार्टी से नाराज चल रहे थें।









