
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के एक प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मंच पर उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य का संबोधन चल रहा था। सभा के बीच में ही ब्राह्मण समाज के युवा नेता रोहित तिवारी ने खड़े होकर उच्च शिक्षा और यूजीसी (UGC) के प्रावधानों को लेकर तीखे सवाल खड़े कर दिए। सवाल पूछते ही कार्यक्रम स्थल पर माहौल गर्मा गया और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आ गए।
पुलिसकर्मी रोहित तिवारी को खींचकर बाहर ले जाने लगे, इसी दौरान आरोप है कि कार्यक्रम में मौजूद एक बीजेपी पार्षद ने भी उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए रोहित तिवारी को अपनी हिरासत में ले लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद इंटरनेट पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या सार्वजनिक मंचों पर जनता या कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए जाने वाले जायज सवालों का सामना इस तरह किया जाना चाहिए।









