तीन बकरों की रोज बिक्री वाले वायरल वीडियो ने खोली GST चोरी की पोल, अब कार्रवाई की तैयारी

नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर मशहूर मटन शॉप का 50 लाख से ऊपर निकला सालाना कारोबार, फिर भी नहीं कराया था GST रजिस्ट्रेशन; वायरल वीडियो देख एक्शन में आया राज्य कर विभाग, 12 जून तक का नोटिस जारी

नैनीताल। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील ने राज्य कर विभाग को ऐसी बड़ी GST चोरी का सुराग थमा दिया, जिसकी उम्मीद खुद अफसरों को नहीं थी। नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित एक चर्चित मटन-चावल शॉप का वीडियो इंटरनेट पर तेज़ी से फैला, जिसमें दावा किया गया कि दुकान पर रोज़ाना तीन बकरों की बिक्री होती है। बस यही वीडियो विभाग की नज़र में आ गया और फिर जो खुलासा हुआ, वह चौंकाने वाला था।

वायरल वीडियो पर जागा विभाग, तुरंत बनी जाँच टीम

असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने जब दुकान के कारोबार की पड़ताल शुरू की, तो सामने आया कि इसका सालाना टर्नओवर 50 लाख रुपये से कहीं अधिक है। GST कानून के तहत इतने बड़े कारोबार पर पंजीकरण अनिवार्य है, लेकिन दुकान संचालक ने कभी रजिस्ट्रेशन कराया ही नहीं। आनन-फानन में राज्य कर विभाग ने संचालक को नोटिस जारी कर 12 जून तक GST पंजीकरण कराने का अल्टीमेटम दे दिया है।

साथ ही साफ चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में पंजीकरण न होने पर अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह पहला मौका नहीं है जब सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट ने टैक्स चोरी की पोल खोली हो, लेकिन मटन शॉप की इस रील ने तो जाँच एजेंसियों को भी चौंका दिया।

Related Articles

Back to top button