मुंबई में फिर गूंजी लॉरेंस गैंग की धमकी,एक्टर तुषार कपूर से 5 करोड़ की मांग,पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

मुंबई: बॉलीवुड और मायानगरी मुंबई पर एक बार फिर अंडरवर्ल्ड और आपराधिक गिरोहों के खौफ का साया मंडराता नजर आ रहा है। हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है और उनसे भारी-भरकम रंगदारी की मांग की गई है। इस अचानक आई धमकी भरी कॉल के बाद अभिनेता के परिवार और पूरे फिल्म उद्योग में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुषार कपूर को यह धमकी कुख्यात लॉरेंस गैंग के एक्टिव गुर्गे ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम का इस्तेमाल करते हुए दी गई है। फोन करने वाले ने अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की सीधी चेतावनी दी है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभिनेता तुषार कपूर ने बिना देर किए तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस उस नंबर और कॉल की लोकेशन को ट्रेस करने में जुट गई है, जिससे यह धमकी दी गई थी। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अभिनेता की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

Related Articles

Back to top button