
प्रयागराज से वकीलों की सबसे बड़ी संस्था को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। आगामी 17 सितंबर को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान के दिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक वकील अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस बार एसोसिएशन के कुल 30 पदों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। पूरी चुनावी प्रक्रिया एडवोकेट एसएफए नकवी की अगुवाई में संपन्न कराई जा रही है, जिनकी देखरेख में चुनाव के सभी चरण तय किए गए हैं।
चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। प्रत्याशी 26 अगस्त से 28 अगस्त तक अपने नॉमिनेशन फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद, उम्मीदवारों के पास 2 सितंबर तक अपने नाम वापस लेने का विकल्प रहेगा। चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद से ही प्रयागराज के कचहरी परिसर और वकीलों के बीच सरगर्मी तेज हो गई है और चुनावी समीकरणों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।









