
गोवा: मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य के पात्र परिवारों के लिए बड़ा ऐलान किया है। सरकार ने Goa Ujjwala Yojana 2026 को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल तीन घरेलू LPG सिलेंडर या PNG के खर्च के बराबर 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
यह योजना 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे का हिस्सा थी। उस समय सरकार ने हर साल तीन LPG सिलेंडर मुफ्त देने का भरोसा दिलाया था।
9 सितंबर से बैंक खाते में ट्रांसफर होगी रकम
सरकार के मुताबिक पात्र लाभार्थियों को सालाना 3,000 रुपये की राशि 9 सितंबर से उनके बैंक अकाउंट में मिलनी शुरू हो जाएगी। सरकार सिलेंडर अलग से उपलब्ध कराने के बजाय यह रकम सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो निवासी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर जरूरी दस्तावेज जमा कर देंगे, उन्हें बैंक खाते में राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।
कैसे करें आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए Offline Application Process रखा गया है। आवेदन के लिए सबसे पहले नजदीकी ग्राम पंचायत कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय या स्थानीय विधायक कार्यालय से योजना का आधिकारिक फॉर्म लेना होगा।
फॉर्म में आवेदक का नाम, आधार नंबर, गैस उपभोक्ता नंबर, गैस एजेंसी का नाम और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भरनी होगी।
आवेदन के साथ गैस या PNG कनेक्शन की कॉपी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और वोटर आईडी (EPIC Card) की फोटोकॉपी लगानी होगी। इसके बाद भरा हुआ फॉर्म संबंधित पंचायत या नगर पालिका कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद Acknowledgment Slip लेना होगा।
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना की खास बात यह है कि इसके लिए कोई इनकम लिमिट नहीं रखी गई है। यानी सामान्य और ओपन कैटेगरी के परिवार भी आवेदन कर सकते हैं।
योजना का लाभ केवल LPG उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है। घरेलू PNG Connection इस्तेमाल करने वाले परिवार भी इसके दायरे में आएंगे।
एक परिवार को एक ही कनेक्शन पर मिलेगा लाभ
अगर किसी परिवार में एक से ज्यादा गैस कनेक्शन हैं, तब भी योजना का लाभ प्रति परिवार केवल एक गैस कनेक्शन पर दिया जाएगा। सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को भी इस योजना से बाहर नहीं रखा है।









