GST बैठक में बवाल, गाली-गलौज के बाद अधिकारी की बिगड़ी तबीयत, IAS संदीप भागिया पर लगे बदसलूकी के गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश स्टेट जीएसटी विभाग से एक बेहद ही गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा में चल रही एक विभागीय बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ, जिसके चलते एक अधिकारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

Greater Noida : उत्तर प्रदेश स्टेट जीएसटी विभाग से एक बेहद ही गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा में चल रही एक विभागीय बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ, जिसके चलते एक अधिकारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि बैठक के दौरान आईएएस अधिकारी संदीप भागिया ने विभागीय अधिकारियों के साथ न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उन्हें गंदी-गंदी गालियां भी दीं।

मीटिंग में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
सूत्रों के अनुसार, विवाद के दौरान तनाव और मानसिक दबाव के कारण जीएसटी अधिकारी बी.पी. सिंह अचानक बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित कैलाश हॉस्पिटल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से विभागीय अधिकारियों में भारी रोष व्याप्त है।

पुराने आरोपों से भी जुड़ा है नाम
विभागीय हलकों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि आईएएस अधिकारी संदीप भागिया का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उन पर महिला अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न और दुर्व्यवहार की गंभीर शिकायतें की जा चुकी हैं। हालांकि, आरोप है कि उन शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं। अब इस नए विवाद ने विभाग के कार्यसंस्कृति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

विभाग की परफॉर्मेंस पर भारी पड़ रहा व्यवहार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब उत्तर प्रदेश का जीएसटी विभाग लगातार रिकॉर्ड परफॉर्मेंस दे रहा है और राज्य के राजस्व में बड़ी भूमिका निभा रहा है, तब इस तरह की अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार की शिकायतें बार-बार क्यों सामने आ रही हैं? फिलहाल, इस मामले में विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस घटना ने पूरे प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है।

Related Articles

Back to top button