दिल्ली में बवाल ! जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल संजय की बेटी ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल, बोलीं- अब राहुल गांधी से उम्मीद

जंतर-मंतर पर 23 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान घायल हुए गाजियाबाद निवासी संजय कुमार (38) की बेटी निशु ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में निशु ने कहा कि दिल्ली पुलिस से उनकी आशा और उम्मीद अब धीरे-धीरे टूटने लगी है।

निशु का आरोप है कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर खुद कह रहा है कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होना चाहिए था। निशु ने कहा कि उनके पिता के सिर में चोट लगने के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन करीब डेढ़ महीने गुजरने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

कार्रवाई की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंची CJP

निशु ने अपने वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी टैग किया और कहा कि अब उन्हें पुलिस से उम्मीद नहीं है। उनका आरोप है कि आरोपी को कानून का डर नहीं है और अब उन्हें राहुल गांधी से ही उम्मीद है।

इसी मामले को लेकर CJP कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जंतर-मंतर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।

वायरल वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने क्या दावा किया?

सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर दावा कर रहा है कि उसने CJP के एक प्रदर्शनकारी के पिता के साथ मारपीट की थी। वीडियो में वह कहता है कि घायल व्यक्ति को 60 टांके लगे थे और उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। वह यह भी कहता है कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज होना चाहिए था।

वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर यह भी दावा करता है कि वह अगले दिन पुलिस हिरासत से बाहर आ गया और उसे जेल नहीं जाना पड़ा। इसके साथ ही उसने पुलिस के बीच कपिल मिश्रा के फोन आने की बात सुने जाने का दावा भी किया।

दिल्ली पुलिस ने आरोपों पर दी सफाई

वायरल वीडियो और पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिस का पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि RML अस्पताल में संजय कुमार की मेडिकल जांच की गई थी और डॉक्टरों के मुताबिक चोटें मामूली थीं।

पुलिस के मुताबिक, चोटें कड़े से लगी थीं, किसी हथियार से नहीं। पुलिस ने सिर में क्रैक आने की जानकारी को भी गलत बताया और कहा कि यह मेडिकल लीगल केस (MLC) से मेल नहीं खाती।

डीसीपी के अनुसार, पुलिस ने मामले में आरोपी सूरज कुमार (24) और स्वतंत्र भारद्वाज (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस ने जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की बात कही है। साथ ही पुलिस ने किसी भी तरह के अनुचित प्रभाव या दखल के आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया।

राहुल गांधी ने निशु को दिया भरोसा

निशु की अपील के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उन्हें भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि निशु को घबराने की जरूरत नहीं है और वह उनके साथ हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निशु को उनके समुदाय और छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाने की वजह से निशाना बनाया गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए संजय कुमार पर हमला करने के आरोपी के खुलेआम घूमने का आरोप लगाया।

पवन खेड़ा ने भी पुलिस पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी स्वतंत्र भारद्वाज के कथित वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो में आरोपी कथित तौर पर एक प्रदर्शनकारी के पिता पर हमले की बात पर शेखी बघार रहा है।

पवन खेड़ा ने यह भी दावा किया कि वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने कपिल मिश्रा के हस्तक्षेप के कारण पुलिस कार्रवाई से बचने की बात कही है।

CJP बोला- अपराधियों को बचाने नहीं देंगे

CJP के सह-संयोजक सौरभ दास ने कहा कि NEET छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार पर जानलेवा हमला हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्र जैसे लोग इस घटना की शेखी बघार रहे हैं।

सौरभ दास के मुताबिक, संजय कुमार और निशु को न्याय दिलाने की मांग को लेकर संगठन संसद मार्ग थाने पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है और अपराधियों को बचाने नहीं दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button