जनता दर्शन में भावुक हुए सीएम योगी, बीमार बच्चे की मां से बोले- ‘घबराइए मत, इलाज में नहीं आने देंगे बाधा’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला को भरोसा दिलाया कि ...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला को भरोसा दिलाया कि उसके बीमार बच्चे के इलाज में कोई बाधा नहीं आने देंगे।

महिला ने गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चे के इलाज में मदद का अनुरोध किया। साथ आए बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए। जब महिला ने बताया कि उसका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, तो सीएम योगी ने कहा- “घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे। आयुष्मान कार्ड बनवाएंगे और विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता देंगे।”

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अफसरों को निर्देश दिया कि प्रार्थना पत्र श्रावस्ती के डीएम को भेजकर तुरंत आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए और इलाज का इस्टीमेट शासन को उपलब्ध कराया जाए।

200 फरियादियों से मिले सीएम, अफसरों को सख्त निर्देश

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने करीब 200 लोगों से मुख्यमंत्री ने एक-एक कर मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक सीएम खुद पहुंचे और इत्मीनान से उनकी समस्याएं सुनीं।

अपराध और जमीन कब्जे की शिकायतों पर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को भू-माफिया और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बोले- “जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।”

जनता दर्शन में बच्चों को लेकर आई महिलाओं से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। बच्चों को दुलारा और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

Related Articles

Back to top button